किसानों के चक्का जाम का कई राज्यों में असर, पंजाब के सारे हाईवे रोके

 

केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ आज किसान संगठनों के चक्का जाम की अपील का पंजाब से तमिलनाडु तक कई इलाकों में असर देखने को मिला। पंजाब में किसानों ने लगभग सभी हाईवे जाम कर दिये तो हरियाणा में भी लगभग सभी प्रमुख हाईवे पर किसान धरना जमाए बैठे हैं।

उत्तर प्रदेश में सरदार वीएम सिंह के राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने कई जिलों में चक्का जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया तो दक्षिण भारत के राज्यों में रास्ता रोके जाने की खबरें आ रही हैं। उल्लेखनीय है कि 5 नवंबर के चक्का जाम और 26-27 नवंबर को दिल्ली घेराव की अपील के साथ देश के 400 से अधिक किसान संगठन एक मंच पर आ गए हैं। इनमें बलबीर सिंह राजेवाल, डॉ. दर्शन पाल, गुरुनाम सिंह चढूनी, सरदार वीएम सिंह, योगेंद्र यादव और राजू शेट्टी के नेतृत्व वाले किसान संगठनों के अलावा वामपंथी किसान संगठन और कई गैर-सरकारी संगठन भी शामिल हैं।

केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब में किसान सड़कों पर उतर आए हैं, “चक्का जाम” कर दिया है। 200 से ज्यादा मार्ग पर चक्का जाम किया है पंजाब में किसानों ने। मालेर कोटला (लुधियाना) और दिल्ली स्टेट हाइवे की तस्वीर।